चित्तौड़ा की कुमारी दैव्यानी को 93% अंक प्राप्त करने पर विशेष सम्मान
इंदौर, 03 जुलाई 2025: प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत इंदौर जिले के 5,312 विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय हेतु 13 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि उनके बैंक खातों में जमा होगी। सांवेर विधानसभा के 431 छात्रों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा, जिनके खातों में एक करोड़ 7 लाख 75 हजार रुपये डाले जाएंगे।
मुख्य कार्यक्रम जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में जनपद पंचायत सांवेर सभागृह में आयोजित होगा। इस अवसर पर ग्राम चित्तौड़ा की कुमारी दैव्यानी को 93% अंक प्राप्त करने पर विशेष सम्मान मिलेगा।
प्रदेश स्तर पर यह राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्कूली शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह की उपस्थिति में भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित समारोह में सिंगल क्लिक से विद्यार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
मंत्री सिलावट ने कहा कि यह योजना छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर उनके भविष्य को संवारने का कार्य करेगी। अब तक इस योजना के तहत 4.32 लाख से अधिक छात्रों को 1,080 करोड़ रुपये की सहायता राशि मिल चुकी है।
