इंदौर से उठी छात्रों की आवाज देश की आवाज बनेगी : जीतू पटवारी, शिक्षा-रोजगार और भर्ती के मुद्दों पर सरकार से मांगा जवाब

इंदौर, 18 सितंबर 2026। राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से एक दिन पहले कांग्रेस ने शिक्षा, रोजगार, सरकारी भर्ती, प्रतियोगी परीक्षाओं, बेरोजगारी और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के सवालों को उठाने वाला आंदोलन है। उन्होंने कहा कि संविधान ने नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाया है और देश के छात्रों की आवाज सुनना तथा उनके सवालों का जवाब देना प्रधानमंत्री और भारत सरकार की जिम्मेदारी है।

हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस देशभर में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलनों को दबाने की कोशिश की गई और कई स्थानों पर छात्रों के साथ दमनात्मक कार्रवाई हुई। उन्होंने कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे के बाद इंदौर में छात्रों की आवाज उठाए जाने की बात कही।

सरकारी भर्ती और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश में सरकारी पदों पर भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी विभागों में 1.04 लाख से अधिक पद खाली हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इन पदों पर युवाओं की भर्ती कब की जाएगी।

पटवारी ने कहा कि सरकार के रोजगार पोर्टल पर 27 लाख से अधिक Job Seekers दर्ज हैं। MPPSC की कई भर्तियां भी लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को परीक्षा देने के बाद परिणाम, चयन और नियुक्ति के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता है।

उन्होंने सरकार से समयबद्ध भर्ती कैलेंडर लागू करने और कौशल विकास के बाद युवाओं के लिए स्थायी रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की मांग की।

शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा

जीतू पटवारी ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए UDISE+ के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में Single-Teacher Schools हैं और ऐसे स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिलेगी, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

पटवारी ने कहा कि परीक्षा, परिणाम, चयन और नियुक्ति में होने वाली देरी युवाओं के जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष छीन रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का युवा प्रवचन नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, भर्ती और अपने भविष्य पर स्पष्ट जवाब चाहता है।

उमंग सिंघार ने शिक्षा बजट और शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाया

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो बच्चा पढ़ना चाहता है, उसकी मेहनत और सपनों को कुचलने का काम मौजूदा शिक्षा व्यवस्था कर रही है।

उन्होंने शिक्षा बजट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब शिक्षा के लिए पर्याप्त बजट नहीं होगा तो मध्य प्रदेश के युवाओं की मांगें कैसे पूरी होंगी। सिंघार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षक पद खाली होने और बैकलॉग भर्ती लंबित होने का भी मुद्दा उठाया।

उन्होंने अतिथि शिक्षकों के आंदोलन, पैसा एक्ट, नर्सिंग कॉलेजों की स्थिति और OBC आरक्षण से जुड़े सवाल भी उठाए।

‘इंदौर से उठने वाली आवाज देश की आवाज बनेगी’

उमंग सिंघार ने कहा कि युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय मंच देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और कांग्रेस छात्रों के सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी।

जीतू पटवारी ने कहा कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाली ‘छात्रों की गूंज’ में छात्रों और युवाओं की वास्तविक आवाज सामने आएगी। उन्होंने कहा कि इंदौर से उठने वाली छात्रों की आवाज देश की आवाज बनेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सरकारी भर्ती, परीक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षक भर्ती, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, OBC आरक्षण और युवाओं का पलायन केवल राजनीतिक मुद्दे नहीं हैं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवाल हैं। ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से युवाओं को अपनी बात रखने का मंच दिया जा रहा है और सरकार से इन सवालों के स्पष्ट जवाब मांगे जा रहे हैं।

प्रेस वार्ता में CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, सचिन यादव, विजयलक्ष्मी साधौ, बाला बच्चन, प्रियव्रत सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी सहित कांग्रेस के विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *