मालवा एक्सप्रेस से रवाना हुए श्रद्धालु, अमरनाथ के बाद करेंगे शिवखोड़ी और वैष्णो देवी के दर्शन

इंदौर, 6 जुलाई 2025।
श्रद्धा और भक्ति की उमंग के साथ इंदौर से 51 श्रद्धालुओं का जत्था आज दोपहर 12:20 बजे मालवा एक्सप्रेस से बाबा अमरनाथ की पवित्र यात्रा पर रवाना हुआ। जत्था सबसे पहले अमरनाथ गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन करेगा, फिर शिवखोड़ी और अंत में माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाएगा।

इस विशेष तीर्थयात्रा का नेतृत्व समाजसेवी मनोज बागोरा कर रहे हैं, जो लगातार 20 वर्षों से इस सेवा कार्य में लगे हुए हैं। मनोज बागोरा ने कहा, “यह सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि जीवन को अध्यात्म से जोड़ने का माध्यम है। हमारा प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भक्ति से परिपूर्ण अनुभव मिले।”

इंदौर रेलवे स्टेशन पर विदाई का दृश्य बेहद भावुक रहा। परिजनों, शिवभक्तों और सहयोगियों ने ‘हर हर महादेव’ के जयकारों, भजनों और फूल-मालाओं से श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। इस बार जत्थे में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। देवास से भी कई श्रद्धालु इस यात्रा में जुड़े हैं।

यात्रा संयोजक हरीश बागोरा ने बताया कि यात्रियों के लिए चिकित्सा सहायता, अनुभवी मार्गदर्शक और प्राथमिक उपचार की पूरी व्यवस्था की गई है। मार्गदर्शक यात्रा के दौरान हर धार्मिक स्थल का महत्व और इतिहास भी श्रद्धालुओं को बताएंगे, जिससे यह यात्रा और भी यादगार और सार्थक बने।

संपर्क :
📞 मनोज बागोरा – 98939 58887, 75666 62066

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।