नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त

14 दिसंबर 2025: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा की गई इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

23 मई 1980 को जन्में 45 वर्षीय नितिन नबीन लंबे समय से भाजपा संगठन और सरकार दोनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे लगातार पाँचवीं बार बांकीपुर विधानसभा से विधायक चुने गए हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

भाजपा युवा मोर्चा से संगठनात्मक राजनीति की शुरुआत करने वाले नितिन नबीन राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष (भाजपा युवा मोर्चा, बिहार) सहित कई अहम पदों पर रह चुके हैं। इसके अलावा वे सिक्किम जैसे राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने तथा आगामी चुनावों की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उनकी नियुक्ति पर बिहार भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया है। कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।