ऑनलाइन उपस्थिति और कार्य में लापरवाही पर कलेक्टर ने किया निलंबन

इंदौर, 15 दिसंबर 2025: कलेक्टर शिवम वर्मा ने पशु औषधालय सेण्डल, जिला इंदौर में पदस्थ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी माधु रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इंदौर जनसम्पर्क से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्री रावत द्वारा शासकीय कार्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई। उनके द्वारा अनुचित तरीके से ऑनलाइन उपस्थिति (सार्थन एप) दर्ज की गई, वहीं भारत पशुधन एप पर कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित कार्य एवं प्रविष्टियां शून्य पाई गईं। इसके साथ ही शासकीय नियमों की अवहेलना भी सामने आई है।

उक्त कृत्यों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के अंतर्गत गंभीर मानते हुए कलेक्टर द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान माधु रावत का मुख्यालय कार्यालय संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, इंदौर संभाग इंदौर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

कलेक्टर ने दुग्ध समृद्धि अभियान के द्वितीय चरण के क्रियान्वयन को लेकर बैठक की

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान के द्वितीय चरण के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर सभागृह में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुपालकों से सतत संपर्क स्थापित कर उन्हें पशु नस्ल सुधार, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए।

कलेक्टर ने उन्नत नस्ल के गौवंश को बढ़ावा देने के लिए कृत्रिम गर्भाधान को प्रोत्साहित करने, पशुओं का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित करने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के प्रचार पर भी जोर दिया।

अभियान 17 दिसंबर से 583 गांवों में शुरू होगा, जिसमें 10,941 पशुपालकों और 73,047 पशुओं से संपर्क किया जाएगा। यह अभियान 7–15 दिन चलेगा। बैठक में पशु चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।