इंदौर, 23 जनवरी 2026: मध्य प्रदेश के इंदौर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस द्वारा हेलमेट जांच एवं नियम उल्लंघन पर कार्रवाई का अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पलासिया, विजयनगर एवं महूनाका पर कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात रैली, यातायात रथ, अनाउंसमेंट और डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई।
दिनांक 22 जनवरी को विशेष अभियान के दौरान 2057 दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध हेलमेट नहीं लगाने एवं अन्य धाराओं में कुल 2395 चालान बनाए गए। विगत तीन दिनों में कुल 7609 मामलों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 6569 चालान हेलमेट नहीं पहनने पर किए गए।
यह अभियान पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात/जोन-4) आनंद कलादगी के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।
