इंदौर। विधानसभा में सफाई संरक्षकों से जुड़े मामले में गलत जानकारी प्रस्तुत किए जाने पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नाराजगी जताई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने निगम स्थापना विभाग के अधीक्षक तथा पूर्व निज सहायक आयुक्त हरीश श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया है। वहीं स्थापना विभाग में पदस्थ लिपिक अतुल बाजपेई की सेवा समाप्त कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के संबंध में सफाई संरक्षकों के मामले में गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए थे। मंत्री द्वारा नाराजगी व्यक्त किए जाने के बाद निगम प्रशासन ने जिम्मेदारी तय करते हुए यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शासन स्तर पर दी जाने वाली जानकारी में किसी भी प्रकार की त्रुटि को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना जाता है। इसी के चलते संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की गई है।
