International Women’s Day:

इंदौर, 07 मार्च 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर अभ्यास मंडल द्वारा “नारी शक्ति अवार्ड 2026” सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक कार्य, पत्रकारिता, उद्यमिता और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत उद्बोधन देते हुए डॉ. माला सिंह ठाकुर ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि अभ्यास मंडल इंदौर कई वर्षों से साहित्य, समाज और संस्कृति से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक चेतना का कार्य कर रहा है। महिला दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं के योगदान को सामने लाना और नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।


मुख्य अतिथि श्रीमती प्रीति अग्रवाल (पोस्टमास्टर जनरल, इंदौर रीजन) ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान का भाव हर दिन होना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. अनामिका जैन (प्राचार्य, होलकर कॉलेज), श्रीमती माधुरी मोयदे (सामाजिक कार्यकर्ता), सुश्री प्रियंका पांडे (पत्रकार, रेड इंडिया 24), श्रीमती कल्पना रमन (उद्यमी), सुश्री फाएजा अली (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, विद्यासागर कॉलेज) और वरिष्ठ पत्रकार newso2.com की संपादक नेहा जैन को “नारी शक्ति अवार्ड” से सम्मानित किया गया।


सम्मानित महिलाओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला होना सौभाग्य है, कमजोरी नहीं बल्कि सबसे बड़ी ताकत है। यदि नारी को स्वयं पर विश्वास हो तो वह हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय देते हुए हर चुनौती को पार कर सकती है।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. ग्रीष्मा त्रिवेदी ने किया, जबकि अंत में डॉ. मनीषा गौर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शहर के साहित्यकार, पत्रकार, शिक्षाविद और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।