चाकू दिखाकर मां के जेवर लूटे, केस दर्ज

इंदौर। शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर दसवीं की छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर उससे अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने छात्रा को चाकू दिखाकर उसकी मां के गहने ले लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार किशोरी ने अपने बयान में बताया कि पिछले साल दिसंबर में उसकी इंस्टाग्राम पर कुंज चौहान नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। कोचिंग जाने के दौरान दोनों की मुलाकात भी होने लगी।

बताया गया है कि 6 जनवरी को आरोपी ने छात्रा को मेघदूत गार्डन के पास मिलने बुलाया और वहां से कार में बैठाकर खजराना गणेश मंदिर ले गया। यहां उसने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं और शिकायत करने पर बदनाम करने की धमकी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने छात्रा से यह भी कहा कि उसे एक मामले में पैसों की जरूरत है और आभूषण देने को कहा। छात्रा के मना करने पर उसने चाकू दिखाकर धमकाया। बदनामी और डर के कारण छात्रा ने घर से मां के आभूषण निकालकर आरोपी को दे दिए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब फरवरी में छात्रा की मां ने अलमारी का लॉकर खोला तो उसमें रखे गहने गायब मिले, जबकि चाबी अपनी जगह पर थी। बेटी के व्यवहार में बदलाव देखकर माता-पिता को शक हुआ। पूछताछ करने पर छात्रा ने पूरी घटना बता दी।

इसके बाद गुरुवार को माता-पिता छात्रा को लेकर हीरानगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवक के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसकी तलाश की जा रही है।

“पीड़िता की शिकायत पर आरोपी कुंज चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।” राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, इंदौर