आर्यिका श्री 105 विज्ञान मति माताजी के सानिध्य में हुआ आयोजन, 1024 अर्घ, हवन और रजत रथ शोभायात्रा रहे

इंदौर। उदय नगर जिनालय में श्री 1008 सिद्ध चक्र मंडल महामंडल विधान का आयोजन 16 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026 तक आर्यिका श्री 105 विज्ञान मति माताजी ससंघ के मंगल सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में उदय नगर के समस्त समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


विधान के पुण्यार्जक संदीप पी.सी. जैन (गदिया) परिवार रहे। 24 मार्च को भक्तिमय वातावरण में 1024 अर्घ अर्पित कर आठवीं पूजा संपन्न की गई। 25 मार्च को प्रातः मांगलिक क्रियाओं एवं पूजा के पश्चात हवन अनुष्ठान महायज्ञनायक पी.सी. जैन एवं निर्मला जैन के नेतृत्व में विधिवत सम्पन्न हुआ।


सौधर्म इन्द्र संदीप राशि जैन ने बताया कि हवन के तुरंत बाद श्रीजी की भव्य शोभायात्रा रजत रथ पर निकाली गई, जो बंगाली चौराहे से होते हुए पुनः उदय नगर जिनालय पहुंची। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष भरत जैन के अनुसार शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।


शोभायात्रा के पश्चात श्रीजी का अभिषेक सौधर्म इन्द्र संदीप पी.सी. जैन एवं समस्त इन्द्रगणों द्वारा किया गया। कुबेर इन्द्र सीए प्रतीक-श्वेता जैन ने बताया कि विधान के दौरान सिद्ध चक्र मंडल की अत्यंत भव्य रचना की गई, जिस पर प्रतिदिन रत्नों एवं पुष्पों की वर्षा की गई।


प्रतिदिन सायंकालीन आरती सौधर्म इन्द्र-सची इन्द्राणी बने संदीप-राशि जैन द्वारा इन्द्र परिकर के साथ भक्ति भाव से की गई। आयोजन में विभिन्न पात्रों की भूमिकाएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें मैना सुंदरी-श्रीपाल, चक्रवर्ती, विभिन्न इन्द्र एवं देवों के रूप में समाजजनों ने सहभागिता निभाई।


इस अवसर पर विशेष इन्द्र के रूप में प्रजेश-दीपा जैन, अशोक-किरण जैन, भरत-सपना जैन, राकेश-ज्योति जैन, नीलेश-वर्षा मोदी, संतोष-मीना जैन, अनिल-प्रतिभा बाँझल एवं दीपक-प्रतिभा पाटनी का सहयोग सराहनीय रहा।
सम्पूर्ण कार्यक्रम विधानाचार्य बाल ब्रह्मचारी विजय भैया (वात्सल्य), लखनादौन के निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।