इंदौर,03 मई 2026: अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद का 39वां द्विदिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन चंद्रलीला रिसोर्ट में संपन्न हुआ। दूसरे दिन के कार्यक्रम में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक विस्तार प्रमुख मुद्दे रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत समैया एवं विशेष अतिथि हंसमुख गांधी उपस्थित रहे। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन, केंद्रीय अध्यक्ष निर्मला जैन सहित पदाधिकारियों ने भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया।
निर्मला जैन ने स्वागत भाषण में बताया कि उनके कार्यकाल में 19 प्रांतों में परिषद की शाखाओं ने धर्म, शिक्षा, गौसेवा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। केंद्रीय महासचिव प्रभा जैन ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य शिविर, जरूरतमंदों को सहायता, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास और दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण जैसी गतिविधियों का उल्लेख किया।
मुख्य अतिथि प्रशांत समैया ने परिषद के कार्यों को समाजहित में सराहनीय बताया। वहीं हंसमुख गांधी ने महिलाओं को अवसर देने और युवाओं को रोजगार के साथ व्यवसाय की ओर प्रेरित करने की आवश्यकता बताई।
समापन सत्र में शकुंतला सिंघई को परिषद का नया अध्यक्ष मनोनीत कर शपथ दिलाई गई। उन्होंने “सहज सेवा” को अपने कार्यकाल की थीम घोषित करते हुए सेवा, संस्कार और महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
अधिवेशन में देशभर से आईं महिला प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।
