संस्कार शिक्षण शिविर में सामाजिक संसद के पदाधिकारियों ने की सामूहिक पूजा
इंदौर। शहर के सन्मति स्कूल में आयोजित बाल एवं युवा संस्कार शिक्षण शिविर में दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के करीब 40 पदाधिकारियों ने सहभागिता कर 2100 शिविरार्थियों के साथ सामूहिक पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के दौरान परिसर में विराजित भगवान मुनिसुब्रतनाथ जी के कलशों के भी दर्शन किए गए।
सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि यंग जैन स्टडी ग्रुप द्वारा पिछले 11 वर्षों से इस संस्कार शिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का मार्गदर्शन माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में कार्यरत रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर एवं युवा विद्वान पंडित प्रकाश छाबड़ा कर रहे हैं। शिविर में 22 कमरों में स्मार्ट क्लासेस संचालित हो रही हैं, जहां डिजिटल बुक्स के माध्यम से बच्चों और युवाओं को जैन धर्म की शिक्षा दी जा रही है। देशभर से आए विद्वान शास्त्री एवं ब्रह्मचारिणी बहनें शिक्षण कार्य में सहयोग कर रही हैं। शहर की विभिन्न कॉलोनियों से 24 बसों के माध्यम से शिविरार्थियों को लाया जा रहा है।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कहा कि धार्मिक शिक्षा में आधुनिक तकनीक का उपयोग सराहनीय पहल है। इससे नई पीढ़ी को सरल और प्रभावी तरीके से संस्कार एवं धर्म शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल संचालन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर महामंत्री देवेंद्र सोगानी, विकास जैन जेएमबी, डी.के. जैन, नकुल पाटोदी, ऋषभ पाटनी, टीनू जैन, सुनील शाह, मनोज गोधा, प्रीतेश जैन, अमोद पहाड़िया, मिंटा-अजय जैन, अखिलेश जैन, पूनमचंद सतभैया, रितेश जैन, दिलीप डोशी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
