इंदौर, 22 मई। जैन साधु-संतों के साथ हो रही दुर्घटनाओं के विरोध में सकल जैन समाज द्वारा 25 मई 2026, सोमवार को मौन रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
झारखंड के गिरिडीह में विराजित प्रमाण सागर महाराज ने रीवा में दो माता जी के दुर्घटना में असामयिक समाधि मरण हो जाने पर क्षोभ व्यक्त करते हुए देश भर की जैन समाज को एकजुट होने का आव्हान किया। प्रमाण सागर जी महाराज ने कहा कि शोक संवेदना से काम नहीं चलेगा। एकजुट होकर सरकार से संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करवाना होगा। राजेश जैन दद्दू के अनुसार प्रमाण सागर जी महाराज ने आगे कहा कि विहार मार्गों पर पुलिस समन्वय, संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, हाईवे पर स्पीड कंट्रोल तथा धार्मिक पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट गाइडलाइन बनाई जानी चाहिए। साथ ही साधु-संतों पर होने वाले अपराधों को “विशेष संवेदनशील अपराध” घोषित किया जाए, क्योंकि साधु-संत आत्मरक्षा नहीं करते, उनका किसी से वैर नहीं होता और वे केवल शांति एवं अहिंसा का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि हर शहर और गाँव में “संतों की सड़क सुरक्षा हेतु प्रकोष्ठ” बनाए जाएँ, ताकि संतों के विहार के समय प्रशिक्षित स्वयंसेवक उनके साथ चलें। स्वयंसेवक विशेष जैकेट पहनें ताकि दूर से उनकी पहचान हो सके तथा पीछे सुरक्षा वाहन भी रहे।
इसी क्रम में मध्य प्रदेश के इंदौर के राजबाड़ा पर सोमवार सुबह 8 बजे समाज जन एकत्रित होकर कलेक्टर कार्यालय तक मौन रैली निकालेंगे और राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि 20 मई को उदय नगर जैन मंदिर प्रांगण में आयोजित विनयांजलि सभा में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज से दीक्षित आर्यिका श्री उपशम मति माताजी एवं आर्यिका श्री श्रुत मति माताजी के दुर्घटना में असामयिक समाधि मरण पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना से देशभर का जैन समाज दुखी एवं आक्रोशित है।
परम पूज्य मुनि श्री विमल सागर जी महाराज एवं मुनि श्री अनंत सागर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री ने कहा कि जैन साधु-संत सभी जीवों के कल्याण की भावना रखते हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज का प्रथम दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए। सभा में “अहिंसा के पथिक सुरक्षित हों” का संदेश भी दिया गया।
सतीश जैन ने बताया कि देशभर में जैन समाज द्वारा 25 मई को कलेक्टर कार्यालयों तक मौन रैली निकालकर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इंदौर में पुरुष वर्ग सफेद वस्त्रों तथा महिलाएं केसरिया साड़ी में हाथों में संदेश तख्तियां लेकर रैली में शामिल होंगी।
विनयांजलि सभा में समाजश्रेष्ठी संतोष जैन, आनंद गोधा, डी.के. जैन, नवीन गोधा, राजीव जैन, जेनेश झांझरी, सुदीप जैन, सेवानिवृत्त डीएसपी डी.के. जैन सहित कई समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अनामिका बाकलीवाल, सारिका जैन, रेखा जैन, अनिल जैन, आर.के. जैन, रितेश पाटनी सहित विभिन्न मंदिरों के पदाधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सचिन जैन ने किया तथा आभार ट्रस्ट अध्यक्ष संदीप पी.सी. जैन ने माना।
