इंदौर, 22 मई 2026 :मध्यप्रदेश शासन द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अध्ययन और परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की जनपरामर्श बैठक शनिवार, 23 मई को इंदौर के जाल सभागृह में आयोजित की जाएगी। बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक, विधिक और प्रशासनिक पहलुओं पर सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
इंदौर जनसंपर्क से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बैठक का उद्देश्य समान नागरिक संहिता से जुड़े विषयों पर जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के विचार और सुझाव प्राप्त करना है, ताकि व्यापक जनभागीदारी के आधार पर समिति अपने अध्ययन को आगे बढ़ा सके।
बैठक में समिति के सदस्य शत्रुघन सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस), अनूप नायर (कानूनविद), गोपाल शर्मा (शिक्षाविद) और बुधपाल सिंह (सामाजिक कार्यकर्ता) उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा गठित यह समिति प्रदेश में समान नागरिक संहिता के विभिन्न आयामों का अध्ययन कर अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। जनपरामर्श बैठकों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
