इंदौर में गहराया जल संकट: पानी के लिए झगड़े, मारपीट और टैंकर चोरी तक पहुंचा मामला

इंदौर, 27 मई 2026 : देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में बढ़ते जल संकट का असर अब केवल पानी की किल्लत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे लेकर विवाद और अपराध के मामले भी सामने आने लगे हैं। पानी को लेकर लोगों के बीच तनाव बढ़ रहा है और स्थिति ऐसी बन रही है कि कहीं पानी भरने को लेकर मारपीट हो रही है तो कहीं पानी के टैंकर तक चोरी हो रहे हैं।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बेटमा थाना क्षेत्र के ग्राम सेजवानी में पानी का टैंकर चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत सरपंच नारायण सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव के सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां पानी का टैंकर रखा गया था। 23 मई शाम से 24 मई सुबह के बीच अज्ञात बदमाश टैंकर चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303 (2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं एमआईजी थाना क्षेत्र के जगजीवन राम नगर में पानी भरने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हिंसक हो गया। शिकायत के अनुसार, मोटर से पानी भरने को लेकर दो परिवारों में कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने बाल्टी से हमला कर दिया, जिससे दूसरी महिला के सिर में चोट आई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296(बी) 115(2) 351(3) में केस दर्ज कर लिया है।

इसी तरह बाणगंगा थाना क्षेत्र के कुमेड़ी कांकड़ इलाके में सरकारी बोरिंग से पानी भरने के दौरान विवाद हो गया। पानी बर्बाद करने की बात को लेकर शुरू हुई बहस मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि महिला और उसके पति ने फरियादी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2) 296 बी 351(3)3(5) में केस दर्ज किया है।

एक अन्य घटना जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां पलसीकर चौराहे के पास प्याऊ के पानी से ऑटो के टायर धोने को लेकर विवाद हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऑटो चालकअपनी ऑटो MP09 LQ 2349 के टायर को प्याऊ के पीने के पानी से धो रहा था, आपत्ति जताने पर ऑटो चालक ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए पत्थर से हमला कर दिया, जिससे सिर में चोट आई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2) 296(बी) 351(3) में केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *