आयुष्मान योजना के पात्र वृद्ध मरीज से रेड क्रॉस का इंडिजेंट प्रमाण पत्र बनवाकर राशि जमा कराने का आरोप
CMHO ने तीन कार्यदिवस में स्पष्टीकरण मांगा
इंदौर, 28 दिसंबर 2025 : आयुष्मान भारत योजना के नियमों की कथित अनदेखी के मामले में एलआईजी, इंदौर स्थित Care CHL Hospital को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), इंदौर द्वारा जारी नोटिस में अस्पताल प्रबंधन से तीन कार्यदिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
Care CHL Hospital को नोटिस जारी किया है, कल तीसरा दिन है, तीन दिन में जवाब देना है। इसके बाद आगामी कार्यवाही कर सकते है।
डॉ. माधव हसानी,
CMHO, इंदौर
नोटिस के अनुसार, मालवा मिल क्षेत्र निवासी 76 वर्षीय वृद्ध मरीज, जो आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार के लिए पात्र था, उसे अस्पताल द्वारा योजना का लाभ देने के बजाय रेड क्रॉस सोसायटी का इंडिजेंट प्रमाण पत्र दिलवाकर उसके माध्यम से राशि जमा करवाई गई। यह प्रक्रिया आयुष्मान भारत योजना के स्पष्ट प्रावधानों के विपरीत मानी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने इस कृत्य को आयुष्मान भारत योजना के नियमों की अवहेलना बताते हुए गंभीर माना है। CMHO कार्यालय ने एलआईजी स्थित केयर सी.एच.एल. अस्पताल के संचालक एवं प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही, इस प्रकरण की सूचना आयुष्मान भारत निरामयम योजना, भोपाल (मध्यप्रदेश) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी दी गई है, ताकि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यदि अस्पताल द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो आयुष्मान भारत योजना के दिशा-निर्देशों के तहत अस्पताल के विरुद्ध आगे कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
