सीएमएचओ ने जारी किए आदेश
इंदौर, 05 जनवरी 2026 : इंदौर में वर्तमान हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी चिकित्सा संस्थानों के संचालन को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हासानी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक सभी प्रकार के अवकाश—शनिवार, रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश—निरस्त कर दिए गए हैं। इन अवकाश के दिनों में भी स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों तथा विभाग द्वारा संचालित सभी चिकित्सा संस्थान सामान्य कार्यदिवसों की तरह पूरी तरह क्रियाशील रहेंगे।
डॉ. हसानी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर कार्यालय, स्वास्थ्य संस्थानों एवं फील्ड में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही यह भी कहा गया है कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवकाश केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही दिया जाए। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी कर्मचारी को अवकाश प्रदान किया जाता है, तो उसकी अनुपस्थिति की अवधि में संबंधित कार्य किसी अन्य कर्मचारी (लिंक पर्सन) से अनिवार्य रूप से संपादित कराया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
