कांग्रेस नेता बोले, भाजपा ने लद्दाख पर किया वादा, अब खुद ही मुकर गई”

इंदौर, 27 सितम्बर 2025 | कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने आज इंदौर में प्रेस वार्ता की। इस दौरान न्यूजओ2 और इंदौर वार्ता की प्रतिनिधि नेहा जैन के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाना घोर आपत्तिजनक है और कांग्रेस पार्टी पूरी तरह उनके साथ खड़ी है।

दिग्विजय सिंह ने बताया कि सोनम वांगचुक उनके निजी मित्र हैं। “तीन महीने पहले मैं लेह गया था और उनकी संस्थाओं का दौरा भी किया था। मैंने उनकी पदयात्रा का समर्थन किया था और आज भी उनके साथ हूँ। उनकी माँग लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल कर अधिकार देने की है, जो दरअसल भाजपा का ही वादा था। अब भाजपा पीछे हट रही है, और वांगचुक माँग कर रहे हैं। उन्होंने कभी कोई भड़काऊ बयान नहीं दिया, ऐसे में उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलाना निंदनीय है,” सिंह ने कहा।

उन्होंने यह भी जोड़ा कि लद्दाख में चल रहे आंदोलन और प्रदर्शनों में कांग्रेस के सभी पार्षद सक्रिय रूप से सोनम वांगचुक का साथ दे रहे हैं।

केजरीवाल के आरोप का किया समर्थन

राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह से जब पूछा गया कि दिल्ली चुनाव में जब आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने वोटर लिस्ट में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए थे, तब कॉंग्रेस बैक फुट पर थी और अब वोट चोरी को मुद्दा बना रही है, के प्रश्न पर सिंह ने कहा, “वोट चोरी भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से करवा रही है। जब तक वोटर लिस्ट मशीन आइडेंटिफाई फॉर्मेट में उपलब्ध नहीं होगी, गड़बड़ी रोकना संभव नहीं है। पीडीएफ को एक्सेल में बदलने पर ही वास्तविक स्थिति सामने आती है। केजरीवाल की मांग बिल्कुल सही थी।”

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।