राहुल-प्रियंका पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दिग्विजय बोले— ये उम्मीद नहीं थी कैलाश से

इंदौर, 27 सितम्बर 2025 : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह आज इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया।

उन्होंने प्रदेश के कबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की। दिग्विजय ने कहा— “मैं कैलाश विजयवर्गीय के बयान की घोर निंदा करता हूँ। कैलाश जी हमारे अच्छे मित्र हैं, लेकिन उनसे इस तरह की बात की उम्मीद नहीं थी। अरे भाई-बहन का रिश्ता है और उन्होंने प्रेम प्रदर्शित किया है, तो इन्हें क्या आपत्ति हो रही है?”

वहीं, दिग्विजय सिंह से ज्योतिरादित्य सिंधिया से हुई मुलाकात और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री बदलने की संभावना को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा— “इस संभावना की बात तो आप गलत व्यक्ति से कर रहे हैं। हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। यदि लेना-देना है तो भाजपा के महत्वाकांक्षी नेताओं का होगा जो बदलाव चाहते हैं।”

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव का नाम लिए बिना उन पर भी तंज कसा और कहा कि “जब कोई मुख्यमंत्री बनता है तो उसे समझने में समय लगता है कि यह पद क्या है, कैसे काम करना है और अधिकारियों-कर्मचारियों से काम कैसे लेना है। अभी वे अंडर प्रोबेशन में हैं।”

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।