कलेक्टर का आदेश, 5 से 7 जनवरी तक स्कूल व आंगनवाड़ी बंद
इंदौर, 4 जनवरी 2026: लगातार बढ़ती शीतलहर और तापमान में आई तेज गिरावट को देखते हुए इंदौर प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से कक्षा आठवीं तक तीन दिनों का अवकाश घोषित किया है।
कलेक्टर वर्मा के आदेशानुसार यह अवकाश 05 जनवरी 2026 से 07 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। आदेश जिले में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल तथा अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय शीतलहर के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभावों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मौसम की स्थिति में सुधार होने पर आगे की जानकारी पृथक से दी जाएगी।
