इंदौर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, चुनावी धांधली और नशा मुक्ति बने मुद्दे
इंदौर। शहर में बुधवार को बारिश के बीच कांग्रेस ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नारे के साथ आंदोलन किया। मोती तबेला चौराहे पर बने वाटरप्रूफ डोम में आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा।
हरीश चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वोट चोरी के माध्यम से सरकार बनाई थी। उन्होंने दावा किया कि अब जनता इस हकीकत से वाकिफ हो चुकी है और आने वाले समय में भाजपा वोट चोरी के सहारे सरकार नहीं बना पाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इंदौर उनकी जन्मभूमि है और यहां की तासीर को वह भलीभांति जानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत नई पीढ़ी को जिम्मेदारी दी जा रही है। पटवारी ने युवाओं को नशे से बचाने की अपील करते हुए कहा कि समाज को सबसे पहले इस समस्या से मुक्त करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान को भाजपा ने तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया।
सभा में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प दिलाया। बारिश के बावजूद कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभा को इंदौर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अविनाश भार्गव, शहर प्रभारी रवि जोशी, पूर्व अध्यक्ष कृपाशंकर शुक्ला, विनय बाकलीवाल और अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। अंत में कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में एसडीएम प्रदीप सोनी को सौंपा। संचालन कांग्रेस नेता संजय बाकलीवाल ने किया।
अध्यक्षों ने ग्रहण किया कार्यभार
आंदोलन से पहले शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने राजवाड़ा पर अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद गांधी भवन पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ दोनों नेताओं ने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता पं. कृपाशंकर शुक्ला, रमेश यादव, अर्चना जायसवाल, विनय बाकलीवाल, रवि जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
