32 संगठनों के 320 कार्यकर्ता होंगे शामिल, सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत देंगे मार्गदर्शन
जोधपुर, 4 सितम्बर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से संचालित विभिन्न संगठनों की अखिल भारतीय समन्वय बैठक 5 से 7 सितम्बर तक जोधपुर के लालसागर में आयोजित होगी। इस तीन दिवसीय बैठक में 32 संगठनों के लगभग 320 पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अंबेकर ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी – डॉ. कृष्ण गोपाल, सीआर मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, अतुल लिमये और आलोक कुमार उपस्थित रहेंगे।
बैठक में सभी संगठनों का वार्षिक कार्यवृत्त प्रस्तुत होगा। एबीवीपी, भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ, विद्या भारती और सक्षम जैसे संगठनों की गतिविधियों पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही पंजाब, बंगाल, असम और पूर्वोत्तर के जनजातीय क्षेत्रों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों पर भी विमर्श किया जाएगा।
कार्यसूची में पंच परिवर्तन (सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण अनुकूल जीवन, स्व आधारित रचना और नागरिक कर्तव्य पालन) प्रमुख विषय रहेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा और शिक्षा क्षेत्र में भविष्य की दिशा पर भी विचार होगा।
संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी बैठक में तय होगी। 02 अक्तूबर 2025 से नागपुर से प्रारंभ होकर देशभर में गणवेशधारी स्वयंसेवकों द्वारा विजयादशमी उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर हिन्दू सम्मेलन, गृह सम्पर्क, सद्भाव बैठकों, प्रमुख नागरिक गोष्ठियों और युवा कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
सुनील अंबेकर ने स्पष्ट किया कि यह बैठक किसी निर्णय के लिए नहीं होती, बल्कि संगठनों के बीच अनुभव साझा करने और समन्वय बढ़ाने का माध्यम है। यहां प्राप्त विचारों के आधार पर संगठन अपने स्तर पर निर्णय लेकर कार्य आगे बढ़ाएंगे।
