इंदौर में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई:

मूसाखेड़ी स्थित माँ कृपा डेयरी सील, खाद्य कारोबार कराया गया बंद

इंदौर, 15 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इंदौर में फूड एंड ड्रग लैब के उद्घाटन के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को मूसाखेड़ी चौराहा स्थित माँ कृपा डेयरी पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नकली पनीर की आशंका के चलते पनीर, मिक्स मिल्क, मिल्क केक, घी एवं फ्रायोलीन पामोलिन तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए।

टीम ने मौके से लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये मूल्य का 300 किलोग्राम पनीर तथा करीब 2 लाख रुपये मूल्य की 64 टीन पामोलिन तेल (कुल मात्रा लगभग 1000 लीटर) जब्त किया। इसके साथ ही डेयरी का पंजीयन वैध नहीं पाए जाने पर निर्माण एवं विक्रय कार्य आगामी आदेश तक के लिए बंद करवा दिया गया।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।