इंदौर, 12 अगस्त 2025 :जिले में आज विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय और कार्रवाइयाँ हुईं। पर्यावरण संरक्षण, कानून व्यवस्था, तिरंगा यात्राओं, उपलब्धियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया गया।


मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को इंदौर में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करेंगे। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी हर घर तिरंगा यात्रा में मौजूद रहेंगे। शुक्ल सुबह 11 बजे यात्रा में शामिल होने के बाद दोपहर 12 बजे रविन्द्र नाट्यगृह में स्वास्थ्य अभियान शुभारंभ और 1 बजे सिविल अस्पताल नंदानगर का निरीक्षण करेंगे। दोपहर 2 बजे वे भोपाल प्रस्थान करेंगे।


पीओपी मूर्तियों पर सख्त कार्रवाई, 700 से अधिक मूर्तियाँ जब्त

पर्यावरण संरक्षण के तहत कलेक्टर के आदेश पर मांगलिया क्षेत्र में पीओपी मूर्तियों के निर्माण व भंडारण पर कार्रवाई की गई। दो स्थानों से 700 से अधिक मूर्तियाँ जप्त कर गोदाम सील किए गए।


त्यौहारों में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, पीओपी मूर्तियों पर सख्ती

जिला शांति समिति की बैठक में त्यौहारों के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के मानकों का पालन कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही पीओपी मूर्तियों के निर्माण और विक्रय पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया।


‘मुस्कान’ संकुल संगठन को राष्ट्रीय सम्मान

मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित ‘मुस्कान’ संकुल संगठन को भारत सरकार द्वारा 5 वर्ष से कम आयु वर्ग श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 15 अगस्त को दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा।


संभागायुक्त ने बच्चों को मोबाइल से दूर रहकर अध्ययन की सलाह दी

पुस्तकालय दिवस पर संभागायुक्त दीपक सिंह ने बच्चों से मोबाइल की बजाय पुस्तकालय में समय बिताने की अपील की। उन्होंने 3 करोड़ रुपये की लागत से दिव्यांगों के लिए सुगम पुस्तकालय बनाने और प्रीतमलाल दुआ सभागृह के रिनोवेशन कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।


बाणगंगा क्षेत्र में पीओपी मूर्तियों पर बड़ी कार्रवाई

एसडीएम निधि वर्मा के नेतृत्व में बाणगंगा क्षेत्र में 130 से अधिक बड़ी और 700 छोटी पीओपी मूर्तियाँ जप्त की गईं। कई गोदाम सील कर मूर्तियों के विक्रय पर रोक लगाई गई।


शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत इंदौर में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर ऑफिस से महू नाका तक तिरंगा यात्रा निकाली।


रिहायशी क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग पर एफआईआर

बंगाली चौराहा क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग करते पाए जाने पर गैस सेंटर संचालक के खिलाफ थाना पलासिया में एफआईआर दर्ज की गई। मौके से घरेलू और नॉन-स्टैंडर्ड गैस सिलेंडर जब्त किए गए।


गाँवों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन

महू जनपद पंचायत सहित कई ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्राएँ निकाली गईं। हासलपुर में विधायक उषा ठाकुर ने देशभक्ति का संदेश दिया और स्वच्छता के लिए श्रमदान किया।


डॉ. अरविंद जैन ने 35 वर्षों में की 7 हजार से अधिक तिरंगा वंदनाएँ

शिक्षाविद डॉ. अरविंद जैन ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति के संदेश के लिए अब तक 7 हजार से अधिक तिरंगा वंदना कार्यक्रम आयोजित किए हैं।


छात्राओं के लिए करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम

सांदीपनि शासकीय नवीन मालव कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा छात्राओं को करियर काउंसलिंग और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।