पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सरला जैन के आकास्मिक निधन से रिक्त हुई थी सीट,सास की सीट पर बहू ने दर्ज की जीत
ललितपुर (उत्तर प्रदेश)। ललितपुर नगर पालिका उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सोनाली जैन ने सपा-कांग्रेस गठबंधन की उम्मीदवार नीलम चौबे को करारी शिकस्त देते हुए 5,000 से अधिक मतों से विजय हासिल की है।
15 अक्टूबर 2025 को हुए उपचुनाव में कुल 36.99 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसके परिणाम 17 अक्टूबर को घोषित किए गए। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच रहा, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों के रूप में नाजरीन बानो और मीना राजा भी मैदान में थीं।
सोनाली जैन की यह जीत भाजपा के लिए न केवल एक राजनीतिक सफलता है, बल्कि भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण है। वे अपनी सास और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सरला जैन के निधन के बाद उनकी खाली हुई सीट से चुनाव लड़ रही थीं।
गौरतलब है कि सरला जैन वर्ष 2023 में नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं, लेकिन जून 2025 में बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। उनके असमय निधन के बाद भाजपा ने उनकी बहू सोनाली जैन पर भरोसा जताया, जो अब नगर पालिका की बागडोर संभालेंगी।
सोनाली जैन के पास अब लगभग ढाई साल का कार्यकाल बचा है। उनकी जीत को भाजपा समर्थकों ने सरला जैन की विरासत और जनसेवा की निरंतरता के रूप में देखा है।
