तालांब में मिली लाश
इंदौर । इंदौर-भोपाल रोड पर लसूडिया परिहार गांव के पास पानी भरे गड्ढे में रविवार दोपहर कुख्यात बदमाश सलमान लाला का शव मिला। लाला पर एनडीपीएस और हत्या के प्रयास सहित 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज थे।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम शनिवार से ही इलाके में उसकी तलाश कर रही थी। बोट के जरिए शव को पानी से बाहर निकाला गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार रात इंदौर पुलिस ने दरबार ढाबे के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका था। गाड़ी में बैठे पांच में से चार बदमाश पुलिस की गिरफ्त में आ गए, जबकि सलमान अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। दो दिन बाद उसकी लाश पानी में मिली।
इससे पहले क्राइम ब्रांच ने उसके भाई शादाब उर्फ सिद्धू और तीन अन्य साथियों को अवैध हथियारों के साथ दबोचा था। गिरफ्तारी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला करने की भी कोशिश की थी।
