मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: इंदौर को मिला नया कलेक्टर और कमिश्नर
सुदाम पंढरीनाथ खाड़े इंदौर कमिश्नर, शिवम वर्मा इंदौर कलेक्टर; आशीष सिंह उज्जैन कमिश्नर बनाए गए
इंदौर, 8 सितंबर 2025: मध्यप्रदेश शासन ने सोमवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो दर्जन से अधिक IAS अधिकारियों के तबादले किए। जनसंपर्क आयुक्त सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को इंदौर का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को मुख्यमंत्री के गृह नगर उज्जैन का संभागायुक्त बनाया गया है।
उनके स्थान पर इंदौर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा को इंदौर का नया कलेक्टर बनाया गया है। शिवम वर्मा ऐसे पहले इंदौर निगम आयुक्त हैं जो पदोन्नत होकर सीधे इंदौर कलेक्टर बने हैं। जबकि इसके पहले आकाश त्रिपाठी, मनीष सिंह, आशीष सिंह भी निगम आयुक्त थे, लेकिन यहाँ से अन्य जिलों का प्रभार लेने के बाद इंदौर कलेक्टर बने थे।
तो उधर जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना को जनसंपर्क आयुक्त बनाया गया है। वे माध्यम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे।
