विपक्ष में रहते हुए सिलेक्टिव क्यों है कॉंग्रेस ?
इंदौर, न्यूजओ2, 28 सितंबर 2025 : पर्यावरणविद सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के 48 घंटे बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने verified सोशल मीडिया हैंडल पर लद्दाख का समर्थन किया है। उन्होने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होने सोशल मीडिया पर लिखा, “लद्दाख के अद्भुत लोग, संस्कृति और परंपराएँ भाजपा और आरएसएस के निशाने पर हैं। लद्दाखवासियों ने अपनी आवाज़ उठाई। भाजपा ने जवाब दिया – 4 नौजवानों की हत्या कर और सोनम वांगचुक को जेल में डालकर। हत्या बंद करो। हिंसा बंद करो। धमकाना बंद करो। लद्दाख को आवाज़ दो। लद्दाख को छठी अनुसूची दो।“
आपको बता दें, कल इंदौर वार्ता और न्यूज़ O2 की प्रतिनिधि द्वारा इंदौर पहुंचे राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह से इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कोन्फ्रेंस में सवाल पूछा गया—तो क्या कांग्रेस अब भी चुप रहेगी? नतीजा यह हुआ कि आज सुबह से ही माहौल बदल गया। पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोनम वांगचुक के पक्ष में 20 मिनट में लगातार 5 ट्वीट कर डाले, और अब राहुल गांधी भी सामने आ गए हैं। लेकिन सवाल यह है कि कॉंग्रेस मुख्य विपक्षी दल होने के बावजूद विरोध करने के मामलों में सिलेक्टिव क्यों रहती है?
उल्लेखनीय है, मैगसेसे अवार्डी सोनम वांगचुक वही शख्स हैं जिनके किरदार से प्रभावित होकर सुपर स्टार आमिर खान की थ्री इडियट्स फिल्म आई थी। वांगचुक लद्दाख को 6वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग और पूर्ण राज्य की मांग कर रहे हैं। वे बीते 6 साल से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा के 2019 के मेनिफेस्टो में भी लद्दाख को 6वीं अनुसूची में डालने का वादा किया था ताकि ट्राइबल राइट्स संरक्षित हो सकें, वांगचुक यही मांग कर रहे हैं। बीते दिनों 24 सितंबर को लद्दाख में प्रदर्शन हिंसक हो गया। भाजपा कार्यालय जला दिया गया । 4 युवकों को गोली मार दी गई और कई घायल हो गए। आरोप है कि वांगचुक अपना अनशन खत्म कर गाँव चले गए थे, उन्होने प्रदर्शनकारियों को नहीं समझाया। जिसके बाद वांगचुक को एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) में जेल में निरुद्ध कर दिया गया। वांगचुक लद्दाख से एक हजार किलोमीटर दूर राजस्थान की जोधपुर जेल में निरुद्ध हैं।
