भाजपाई किसी के सगे नहीं हैं- यादव

इंदौर/लखनऊ, 19 अप्रैल 2025: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जैन समाज के खिलाफ हो रही घटनाओं को लेकर भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में जैन समुदाय पर हुए कथित हमलों और अपमानजनक व्यवहार को लेकर गहरी चिंता जताई है।

जैन समाज में भय, असुरक्षा और अनिश्चितता व्याप्त

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश में अल्पसंख्यक होना अब एक अभिशाप जैसा अनुभव बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैन समाज के बीच जो भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है, वह गंभीर चिंता का विषय है। “इस भावना की चर्चा और निंदा केवल देश में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में हो रही है।

सवाल- अल्पसंख्यक जैन समाज का उत्पीड़न क्यों ?

सपा प्रमुख ने पूछा, “हर बार भाजपा शासित राज्यों में ही जैन समुदाय के तीर्थस्थलों, जिनालयों और समाजसेवी संस्थाओं को क्यों निशाना बनाया जाता है?” उन्होंने गिरनार जी, सम्मेद शिखर जी, और बड़ौत के जैन कॉलेज में श्रुतिदेवी प्रतिमा विवाद जैसे मामलों को याद दिलाया। उन्होंने मध्यप्रदेश के नीमच में 65 वर्षीय भंवरलाल जैन की हत्या को लेकर भाजपा पर तीखा आरोप लगाया और कहा कि यह घटना एक प्रभुत्वशाली व्यक्ति द्वारा सत्ता के संरक्षण में की गई थी।

क्या जैन समाज भाजपा के लिए केवल चंदा देने तक सीमित है?”

अखिलेश यादव ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जैन समाज जब विरोध करता है, तो बाद में भाजपा की ओर से माफी का नाटक किया जाता है। उन्होंने पूछा, “मंदिर फिर से बन जाएगा, लेकिन प्रतिमाओं का , शास्त्रों का जो अपमान हुआ, क्या वो कभी मिट पाएगा?”

जैन समाज का योगदान अतुलनीय

उन्होंने कहा कि जैन समाज ने भारत को धर्म, दर्शन, संस्कृति, सदाचार, और अर्थव्यवस्था में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। “‘जियो और जीने दोका संदेश आज भी दुनिया को सह-अस्तित्व और सहनशीलता सिखाता है,” उन्होंने जोड़ा।

जैन समाज अकेला नहीं है – PDA का समर्थन साथ है

अखिलेश यादव ने कहा कि जैन समाज को भाजपा जैसे दल कमजोर नहीं कर सकते क्योंकि वे उस 90% आबादी का हिस्सा हैं, जो पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत से जुड़ी है।

“भाजपाई किसी के सगे नहीं हैं”

आखिर में अखिलेश ने स्पष्ट कहा, “जैन समाज याद रखे, भाजपाई किसी के सगे नहीं हैं। हम इस कठिन समय में पूरी मजबूती से जैन समाज के साथ हैं।”

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *