दस दिनों तक समाजजन तप, स्वाध्याय और ध्यान में होंगे लीन
इंदौर। दिगंबर जैन समाज का पर्वाधिराज पयुर्षण महापर्व गुरुवार, 28 अगस्त से आरंभ होगा। इस दौरान दस दिन तक समाजजन तप, स्वाध्याय और ध्यान में लीन रहेंगे।
सुगंध दशमी का आयोजन मंगलवार, 2 सितंबर को तथा अनंत चतुर्दशी पर्व शनिवार, 6 सितंबर को मनाया जाएगा। वहीं, 8 सितंबर को सामूहिक क्षमावाणी पर्व इतवारिया बाजार स्थित कांच मंदिर परिसर में आयोजित होगा।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी एवं प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि इस अवसर पर इंदौर की विभिन्न कॉलोनियों से समाजजन एकत्रित होंगे। शहर के सभी जैन मंदिरों में बेदी जी की सफाई एवं प्रतिमाओं के विशेष मंजन का कार्य पूरा हो चुका है।
चातुर्मास कर रहे साधु-संतों को इस आयोजन में आमंत्रित करने के लिए समाज पदाधिकारियों ने श्रीफल समर्पित किए हैं।
पाटोदी एवं जैन ने कहा, “यह महापर्व आत्म शुद्धि, आत्म निरीक्षण और संयम का पावन अवसर है। आइए हम अपने भीतर की नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, करुणा और प्रेम की ज्योति प्रज्वलित करें। यह पर्व हमारे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।”
