इंदौर/भोपाल।
मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav ने कहा है कि मध्यप्रदेश में खाद्य, गैस और तेल सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। राज्य सरकार के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं और नागरिकों को किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक की आवश्यकता नहीं है।
मंगलवार को मंत्रालय में खाड़ी देशों में उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर प्रदेश की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में बेहतर से बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसके मार्गदर्शन में देश के साथ मध्यप्रदेश में भी आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और संभावित चुनौतियों को देखते हुए राज्य में मजबूत प्रबंधन किया जाएगा। इसके लिए तीन सदस्यीय मंत्री एवं अधिकारियों की समिति बनाई गई है, जो प्रदेश की आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करेगी और आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में आपूर्ति बाधित न हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से मध्यप्रदेश के निवासियों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार केंद्र सरकार के संपर्क में है। हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक 255 लोगों ने संपर्क किया है और उनकी सकुशल स्वदेश वापसी के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री Rajendra Shukla सहित मंत्रीगण, प्रभारी मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण रश्मि अरुण शमी, सचिव परिवहन एवं आयुक्त जनसम्पर्क मनीष सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
