नई दिल्ली, 20 मार्च (न्यूज़ओ2)
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को रफी मार्ग स्थित समाचार एजेंसी United News of India (UNI) के कार्यालय को दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सील कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर एजेंसी ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई जब Delhi High Court ने UNI द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें भूमि आवंटन रद्द किए जाने को चुनौती दी गई थी। यह मामला केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले Land and Development Office (L&DO) द्वारा जारी आदेश से संबंधित है, जिसमें एजेंसी को परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए थे।

निर्णय के बाद दिल्ली पुलिस ने पर्याप्त बल के साथ मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की। परिसर के बाहर चस्पा नोटिस में कहा गया है कि 9, रफी मार्ग स्थित भवन को भारत सरकार ने 20 मार्च 2026 को अपने कब्जे में ले लिया है और बिना L&DO की अनुमति के प्रवेश या उपयोग करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, UNI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा कि देश की सबसे पुरानी समाचार एजेंसियों में से एक के कार्यालय को सील किया जाना प्रेस की स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एजेंसी ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों को जबरन बाहर निकाला गया और महिला पत्रकारों के साथ बदसलूकी की गई।

हालांकि, नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त Sachin Sharma ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पूरी कार्रवाई विधिसम्मत तरीके से की गई और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है।