भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर 131 मंदिरों में पूजन-अभिषेक, रोहित गंगवाल परिवार बनेगा रथ सारथी; 100 वर्षों में पहली बार युवा खींचेंगे स्वर्ण रथ

इंदौर, 29 मार्च 2026 : भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के अवसर पर 30 मार्च को शहर में भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज द्वारा विश्व प्रसिद्ध कांच मंदिर से दोपहर 2 बजे भव्य स्वर्ण रथ यात्रा निकाली जाएगी।

दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद, इंदौर (विनय बाकलीवाल) की ओर से प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शहर के 131 मंदिरों में प्रातःकाल शोभायात्रा के साथ भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का अभिषेक एवं विशेष पूजन किया जाएगा। अधिकांश घरों पर धर्म ध्वज भी लगाए गए हैं।

स्वर्ण रथ यात्रा के सारथी बनने का सौभाग्य रोहित गंगवाल एवं उनके परिवार को प्राप्त हुआ है, जबकि शोभायात्रा के प्रमुख संयोजक नकुल पाटोदी और हर्ष जैन रहेंगे। रथ में रजत सिंहासन पर भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा विराजित होगी। 11 घोड़ों, चार हाईटेक बग्घियों, बैंड-बाजों एवं पांच गोटों के साथ यह यात्रा नगर भ्रमण करेगी।

शोभायात्रा कांच मंदिर से प्रारंभ होकर मल्हारगंज, गोरा कुंड, खजूरी बाजार, राजबाड़ा और जवाहर मार्ग होते हुए पुनः कांच मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न मंदिरों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रुपों द्वारा भव्य झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी तथा कई स्थानों पर स्वागत मंच लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम के समापन पर संतों के प्रवचन होंगे तथा ‘महावीर टाइम्स’ के विशेषांक का विमोचन किया जाएगा। सूर्यास्त पूर्व श्रीजी के कलश भी संपन्न होंगे। झांकियों के मूल्यांकन हेतु गोरा कुंड, राजबाड़ा और जवाहर मार्ग पर निर्णायक मंच स्थापित किए जाएंगे।

इसके पश्चात इतवारिया बाजार में समाजजनों के लिए भोजन व्यवस्था की गई है, जिसके पुण्यार्जक सुभाष सामरिया परिवार हैं। रथ यात्रा के पुरस्कार आकाश जैन कोल परिवार द्वारा प्रदान किए जाएंगे।

विशेष उल्लेखनीय है कि 100 वर्षों के इतिहास में पहली बार स्वर्ण रथ को युवा हाथों द्वारा, मयंक जैन के नेतृत्व में खींचा जाएगा। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में समाजजनों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शोभायात्रा में इंदौर में विराजित मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज, मुनि श्री विमल सागर जी महाराज, मुनि श्री सुविशुद्ध सागर जी महाराज एवं मुनि पूज्य सागर जी महाराज ससंघ के सम्मिलित होने की स्वीकृति भी प्राप्त हुई ।

हालांकि समाचार लिखे जाने तक नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद गोधा की तरफ से महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के संबंध मेन कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति प्राप्त नहीं हुई है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।