इंदौर, 14 मई। अतिशय योगी 108 मुनि श्री सुयत्न सागर जी महाराज का मुंबई महानगर (बोरीवली) से णमोकार तीर्थ होते हुए तीर्थराज सम्मेद शिखर जी की ओर विहार जारी है। गुरुवार का भव्य मंगल प्रवेश संगम नगर स्थित श्री महावीर जिनालय में हुआ, जहां समाजजनों ने श्रद्धाभाव से पाद प्रक्षालन एवं आरती कर स्वागत किया।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि मुनि श्री 1008 शिखर बंद मंदिरों के दर्शन के संकल्प के साथ यात्रा पर निकले हैं। अब तक वे लगभग 1300 किलोमीटर की पदयात्रा कर 620 मंदिरों के दर्शन कर चुके हैं।
इस अवसर पर मुनि श्री सुयत्न सागर जी महाराज ने कहा कि जैन मंदिरों के दर्शन से आध्यात्मिक शांति, मानसिक एकाग्रता एवं पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि मंदिरों में विराजित तीर्थंकरों की वीतराग प्रतिमाएं यह संदेश देती हैं कि सच्चा सुख आत्मा के भीतर है, बाहरी भौतिक वस्तुओं में नहीं।
मुनि श्री ने श्रद्धालुओं से विहार एवं आहार चर्या में सहभागी बनकर पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल एवं महामंत्री देवेंद्र सोगानी ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की।
संगम नगर मंदिर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में मनोज जैन, सुबोध कासलीवाल, सतीश जैन, पारस जैन, प्रमोद जैन, अमित जैन एवं राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *