9 बिंदुओं में मांगी जानकारी, 2 दिन में तलब की रिपोर्ट

नई दिल्ली, 14 मई 2026 । भारतीय विधिज्ञ परिषद (BCI) ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कलकत्ता उच्च न्यायालय में अधिवक्ता की वेशभूषा में उपस्थित होने पर पश्चिम बंगाल स्टेट बार काउंसिल से उनके नामांकन एवं वकालत की स्थिति की 9 बिंदुओं में विस्तृत जानकारी मांगी है।


BCI ने 14 मई 2026 को जारी एक पत्र में पश्चिम बंगाल स्टेट बार काउंसिल के सचिव को निर्देश दिया कि ममता बनर्जी के नामांकन नंबर, नामांकन की तारीख, वर्तमान प्रैक्टिस स्टेटस तथा Certificate of Practice से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाए।


पत्र में कहा गया है कि विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ममता बनर्जी कलकत्ता हाईकोर्ट में अधिवक्ता की ड्रेस—गाउन एवं सफेद बैंड—पहनकर उपस्थित हुई थीं। इसके मद्देनजर परिषद ने तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करने के लिए जानकारी तलब की है।
BCI ने यह भी पूछा है कि मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए क्या उन्होंने वकालत से स्वैच्छिक विराम, निलंबन या प्रैक्टिस बंद करने की कोई सूचना दी थी। साथ ही यह जानकारी भी मांगी गई है कि बाद में प्रैक्टिस दोबारा शुरू करने के लिए कोई आवेदन प्रस्तुत किया गया था या नहीं।


परिषद ने निर्देश दिया है कि संबंधित सभी रिकॉर्ड एवं प्रमाणित दस्तावेज 16 मई 2026 तक उपलब्ध कराए जाएं। पत्र में मूल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और किसी प्रकार का संशोधन या परिवर्तन नहीं करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
BCI ने मामले को “अत्यावश्यक” बताते हुए निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *