छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
इंदौर, 15 मई 2026 : National Students’ Union of India (NSUI) की इंदौर इकाई ने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक एवं अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने के साथ दोषियों एवं कथित शिक्षा माफियाओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
संगठन ने परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा प्रभावित छात्रों के मानसिक एवं शैक्षणिक नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग भी की। इस दौरान जिला अध्यक्ष रजत सिंह पटेल सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
