मेधावी छात्रों, श्रेष्ठ शोध परियोजनाओं और ‘गौरव स्तंभ’ सम्मान से गूंजा समारोह

आईआईपीएस में भव्य शैक्षणिक दीक्षांत समारोह संपन्न, मेधावी छात्र और ‘गौरव स्तंभ’ हुए सम्मानित

इंदौर, 27 मई 2026 : इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ (IIPS) में स्नातक हो रहे विद्यार्थियों की उपलब्धियों, समर्पण और व्यावसायिक आकांक्षाओं का उत्सव मनाते हुए मंगलवार 26 मई को भव्य शैक्षणिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध कार्यों और संस्थान के प्रति समर्पण को सम्मानित किया गया। 400 से अधिक विध्यार्थियों के लिए डिग्री सहित टीसी प्रदान की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत संयोजक प्रो. ज्योति शर्मा और प्रो. कीर्ति माथुर के अभिनंदन तथा विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ हुई। इसके बाद देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई, कुलसचिव डॉ. प्रज्वल खरे, आईआईपीएस की निदेशक डॉ. यामिनी करमरकर तथा वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. बी.के. त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

स्वागत संबोधन में निदेशक डॉ. यामिनी करमरकर ने संस्थान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नए M.Tech (CS) प्रोग्राम की शुरुआत, 3 करोड़ रुपए के रिसर्च ग्रांट और 70 प्रतिशत प्लेसमेंट रेट की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कुलसचिव डॉ. प्रज्वल खरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन अनेक अनुभवों और चुनौतियों से भरा होता है, जो व्यक्ति को जीवन के लिए तैयार करता है। उन्होंने छात्रों से अपनी योग्यता और क्षमता को समाज के सामने सिद्ध करने की बात कही।

समारोह में जिओथारा के सीईओ एवं जलविज्ञान, एआई और जलवायु विश्लेषण विशेषज्ञ डॉ. सोलोमन विमल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) केवल एक लहर नहीं, बल्कि एक सुनामी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अनेक टूल्स के बीच चयन कर उनमें विशेषज्ञता विकसित करें।

कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई ने स्नातक हो रहे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपने संस्थान के प्रति सम्मान और गर्व की भावना बनाए रखनी चाहिए तथा समाज को अपनी क्षमता के अनुरूप योगदान देना चाहिए।

समारोह के दौरान स्किल डेवलपमेंट प्रकोष्ठ (iSPARK) और मेंटल डेवलपमेंट एंड वेल बीइंग प्रकोष्ठ ‘सुकून’ का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को व्यावसायिकता की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने नैतिक आचरण और व्यावसायिक ईमानदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों एवं ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’ विजेताओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्थान द्वारा शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक और पर्यावरणीय विषयों पर किए गए उत्कृष्ट शोध कार्यों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में MBA, MCA, M.Tech, B.Com सहित विभिन्न कार्यक्रमों के स्नातकों को ट्रांसक्रिप्ट एवं टीसी वितरित की गई। वहीं संस्थान के प्रति समर्पित सेवा और योगदान के लिए स्टाफ सदस्यों को ‘IIPS के गौरव स्तंभ’ सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम का समापन डॉ. पूनम मंगवानी के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *