एमपीपीएससी सहायक प्राध्यापक परीक्षा 12 जुलाई को, इंदौर के 13 केंद्रों पर 5710 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा,

परीक्षा दो सत्रों में होगी, कड़े सुरक्षा प्रबंध लागू

इंदौर, 11 जुलाई 2026: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की सहायक प्राध्यापक परीक्षा-2025 रविवार 12 जुलाई को इंदौर के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में छह विषयों के 5710 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार परीक्षा दो सत्रों में होगी। प्रथम सत्र सुबह 10 बजे से 11 बजे तक और द्वितीय सत्र दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा संस्कृत, भूगोल, मनोविज्ञान, विधि, भूगर्भशास्त्र और योगिक विज्ञान विषयों के लिए आयोजित की जा रही है। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देशन में परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

अभ्यर्थियों को केवल ई-प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, निर्धारित स्याही का पेन, पारदर्शी पानी की बोतल तथा प्रवेश पत्र में अनुमत सामग्री ही साथ लाने की अनुमति होगी। दिव्यांग अभ्यर्थी आयोग द्वारा अनुमत सामग्री साथ ला सकेंगे।

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट एवं डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, ईयरफोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ ही पेंसिल, रबर, शार्पनर, स्केल, बेल्ट, पर्स, वॉलेट, धूप का चश्मा और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को जूते-मोजे पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, जबकि चप्पल या सैंडल पहनकर प्रवेश किया जा सकेगा।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही हिजाब, पगड़ी, कलावा, ताबीज एवं अन्य धार्मिक प्रतीकों का सम्मानपूर्वक परीक्षण किए जाने की जानकारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *