यात्री सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन संचालन के लिए दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

इंदौर, 18 जून 2026 : आगामी मानसून एवं संभावित अतिवर्षा तथा बाढ़ की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा की अध्यक्षता में इंदौर संभाग में संचालित बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्षाकाल के दौरान यात्री सुरक्षा एवं सुचारू परिवहन संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शर्मा ने बस ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि पुल-पुलियों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में किसी भी परिस्थिति में वाहनों को पार नहीं कराया जाए तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी चेतावनियों और निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी बसों में ब्रेक, स्टेयरिंग, वाइपर, ब्रेक लाइट, फॉग लैंप, इंडिकेटर, हेडलाइट सहित अन्य तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच कर उन्हें सुचारू स्थिति में रखा जाए। वाहनों में स्पीड गवर्नर कार्यशील होना चाहिए तथा निर्धारित एवं नियंत्रित गति से ही संचालन किया जाए।

बैठक में चालक सुरक्षा एवं अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि वाहन चालक ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें। वाहन संचालन प्रारंभ करने से पूर्व चालक अपना मोबाइल परिचालक को सौंपें तथा यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति में मोबाइल पर बातचीत न करें।

बस ऑपरेटरों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी वाहनों में प्रवेश एवं निकास द्वार अलग-अलग हों, आपातकालीन द्वार सुचारू रूप से कार्य करता हो, अग्निशमन यंत्र एवं प्राथमिक उपचार पेटी उपलब्ध हो तथा पंजीयन प्रमाण-पत्र, बीमा, फिटनेस और परमिट जैसे सभी वैध दस्तावेज अद्यतन हों। लोक सेवा वाहन संचालन के लिए चालक के पास वैध एवं अधिकृत ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य बताया गया।

शर्मा ने वर्षा ऋतु में सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में कहा कि बारिश के दौरान वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वाहन को सुरक्षित रूप से रोका जा सके। अचानक अथवा तेज ब्रेक लगाने से बचें, क्योंकि इससे वाहन फिसलने की आशंका बढ़ जाती है।

उन्होंने बताया कि खराब टायरों के कारण वर्षा के दौरान दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए टायरों की नियमित जांच कर आवश्यकता अनुसार उन्हें बदलवाया जाए। साथ ही स्टेपनी एवं सभी टायरों के एयर प्रेशर की समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *