एक्सपायर्ड मसाले मिलने पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
इंदौर, 22 जून। झलारिया कैंपस बाईपास रोड स्थित शिशुकुंज स्कूल में विद्यार्थियों के भोजन से स्वास्थ्य खराब होने की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल के किचन को आगामी आदेश तक सील कर दिया है। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट निकल चुके मसाले और अन्य खाद्य सामग्री मिलने पर प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अभिभावकों द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य खराब होने की शिकायत कलेक्टर शिवम वर्मा को प्राप्त हुई थी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त जांच टीम ने स्कूल परिसर का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान किचन में उपयोग हो रही विभिन्न खाद्य सामग्रियों के कुल 23 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इनमें पनीर, आइसक्रीम, छह प्रकार के मसाले, शरबत, राजमा, तेल, नमकीन, चार प्रकार की दालें, दूध, तैयार दाल, कोफ्ते, कोफ्ते की सब्जी, पके हुए चावल, रोटी तथा पीने का पानी शामिल हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण में किचन से एक्सपायरी डेट निकल चुके मसालों के 10 पैकेट और नमकीन के 2 पैकेट पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए संयुक्त दल ने तत्काल प्रभाव से स्कूल के किचन को सील कर दिया तथा नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में एसडीएम कनाड़िया दीपक चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी माधव प्रसाद हासानी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि स्कूल, हॉस्टल, मेस, कैंटीन या किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट, अस्वच्छता अथवा खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता दिखाई देने पर तत्काल कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन द्वारा त्वरित जांच और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।