105 आवेदनों का मौके पर निराकरण
इंदौर, 25 जून 2026। मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, वृत्त इंदौर द्वारा गुरुवार को विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने उपस्थित रहकर हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं।
दैनिक भास्कर प्रेस कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित वृत्त कार्यालय में आयोजित शिविर में लगभग 300 हितग्राहियों ने अपनी समस्याएं रखीं। शिविर के दौरान नामांतरण, लीज नवीनीकरण, रजिस्ट्री, फ्रीहोल्ड, अनापत्ति प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदनों और शिकायतों पर सुनवाई की गई। इंदौर जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्राप्त 105 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही पांच हितग्राहियों को नामांतरण एवं फ्रीहोल्ड प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर में मांग आधारित तथा नियमों एवं प्रक्रियाओं में सुधार से जुड़े मामलों पर मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से उन संपत्तियों के फ्रीहोल्ड मामलों पर चर्चा हुई जिनकी भूमि राजस्व अभिलेखों में मंडल के नाम दर्ज नहीं है।
अध्यक्ष ओम जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित कॉलोनियों की भूमि का नामांतरण मंडल के नाम कराया जाए, जिससे हितग्राहियों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
