DISHA 2.0 से डिजिटल हेल्थकेयर इनोवेशन को नई गति, IIT इंदौर में अवॉर्ड सेरेमनी आयोजित, 21 स्टार्ट अप, 29 प्रोजेक्ट चयनित


इंदौर, 11 जनवरी 2026: भारत में डिजिटल हेल्थकेयर इनोवेशन को प्रोत्साहित करने वाला प्रमुख कार्यक्रम DISHA 2.0 (Developing Innovations for Successful Harnessing and Adoption) IIT इंदौर में सफलतापूर्वक लागू किया गया। यह कार्यक्रम IIT इंदौर DRISHTI CPS फाउंडेशन – टेक्नोलॉजी ट्रांसलेशन रिसर्च पार्क (डिजिटल हेल्थकेयर) द्वारा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), भारत सरकार की नेशनल मिशन ऑन इंटरडिसिप्लिनरी साइबर–फिजिकल सिस्टम्स (NM-ICPS) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।


DISHA 2.0 के तहत देशभर से प्राप्त 286 आवेदनों में से 21 स्टार्टअप्स और 29 प्रोजेक्ट्स का चयन किया गया। साथ ही 6 फेलोशिप प्रदान की गईं। कार्यक्रम के अंतर्गत स्टार्टअप्स और परियोजनाओं को कुल मिलाकर लगभग 15 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। IIT इंदौर से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स को भी इस पहल के तहत सहयोग मिला है।


कार्यक्रम का उद्देश्य फैकल्टी-नेतृत्व वाले शोध, छात्र नवाचारों और DPIIT-पंजीकृत स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, तकनीकी वैधता, बौद्धिक संपदा सहयोग और व्यावसायीकरण मार्गदर्शन प्रदान कर शोध को व्यावहारिक स्वास्थ्य समाधानों में परिवर्तित करना है।


कार्यक्रम की उपलब्धियों को चिह्नित करने के लिए IIT इंदौर में DISHA 2.0 अवॉर्ड सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह में नवाचार, स्केलेबिलिटी और सामाजिक प्रभाव के आधार पर चयनित स्टार्टअप्स, प्रोजेक्ट्स और फेलोज़ को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योग विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं की उपस्थिति रही।


समारोह को संबोधित करते हुए IIT इंदौर के निदेशक एवं IITI DRISHTI CPS फाउंडेशन के चेयरमैन प्रो. सुहास एस. जोशी ने कहा कि DISHA 2.0 अकादमिक शोध को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी हेल्थकेयर समाधानों में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


मुख्य वक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त), निदेशक, AIIMS रायपुर ने डिजिटल तकनीकों, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा एनालिटिक्स, की भूमिका को स्वास्थ्य सेवाओं में अहम बताया।


कार्यक्रम के दौरान डिजिटल हेल्थकेयर की उभरती तकनीकों पर पैनल चर्चा, टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेशन, क्लिनिशियन–इनोवेटर संवाद तथा बौद्धिक संपदा और व्यावसायीकरण से जुड़े सत्र भी आयोजित किए गए।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।