“बुनियाद व राह” थीम पर केंद्रित रहेगा मैग्नम ओपस 2026
इंदौर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर में 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक वार्षिक पूर्व छात्र सम्मेलन मैग्नम ओपस 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम “बुनियाद व राह (Roots and Routes)” रखी गई है, जिसका उद्देश्य पूर्व छात्रों की साझा शैक्षणिक जड़ों, उनके विकसित करियर मार्गों और संस्थान के साथ आजीवन संबंधों को सशक्त बनाना है।
सम्मेलन में उद्योग, शिक्षा, अनुसंधान, स्टार्टअप, उद्यमिता और लोक सेवा से जुड़े पूर्व छात्र भाग लेंगे। प्रमुख गतिविधियों में अंडर-25 समिट, टेक एक्सपो, कैंपस टूर, उद्घाटन सत्र, पैनल चर्चा और स्पीकर सेशन शामिल हैं। समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विशिष्ट पूर्व छात्रों का सम्मान और भव्य संध्या आयोजित की जाएगी।
पैनल चर्चा में वाउचरइट के सह-संस्थापक यादनेश पाटिल, इसरो के वैज्ञानिक रजत चौरासिया, सीनियर प्रोडक्ट लीडर साहिल अग्रवाल, आईआईटी इंदौर के शोधकर्ता डॉ. प्रदीप कुंडू और गूगल के सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रगल्भ गर्ग शामिल होंगे।
आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास जोशी ने कहा कि मैग्नम ओपस पूर्व छात्रों के साथ आजीवन साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे मार्गदर्शन, सहयोग और ज्ञान-विनिमय को बढ़ावा मिलेगा।
सम्मेलन के दौरान अनौपचारिक मेल-जोल के लिए खेल गतिविधियां, सामूहिक भोजन और शहर भ्रमण जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि पूर्व छात्र अपने परिवारों के साथ कैंपस और इंदौर शहर से फिर से जुड़ सकें।
