संस्थान समय पर अपलोड करें एडमिशन व फीस डाटा — कलेक्टर शिवम वर्मा

इंदौर, 12 नवम्बर 2025। कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति के पात्र ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने फीस या शुल्क का भुगतान नहीं किया है, उन्हें परीक्षा से वंचित नहीं किया जाए। इस संबंध में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित शिक्षण संस्थानों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों में कई संस्थानों द्वारा एडमिशन या फीस डाटा समय पर पोर्टल पर अपलोड न करने की बात सामने आई है, जिसके कारण पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति आवेदन से वंचित रह जाते हैं।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि इंदौर प्रदेश का एजुकेशन हब है, जहां विभिन्न जिलों से स्कॉलरशिप बेस पर विद्यार्थी अध्ययन करने आते हैं। अतः यह शैक्षणिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों का एडमिशन एवं फीस डाटा समय पर MPTAASC पोर्टल पर अपलोड और अप्रूव करवाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि यदि छात्रवृत्ति भुगतान में विलंब के कारण विद्यार्थी फीस जमा नहीं कर पाते हैं, तो भी महाविद्यालय परीक्षा फॉर्म अप्रूव करने या परिणाम अपडेट करने से इंकार न करें।

कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसी स्थिति स्वीकार्य नहीं होगी। भविष्य में यदि इस संबंध में किसी संस्था के विरुद्ध शिकायत प्राप्त होती है तो संस्थान के खिलाफ कार्रवाई के साथ उसकी मान्यता पर भी पुनर्विचार किया जाएगा।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।