इंदौर, 28 नवंबर 2025: मध्य प्रदेश के इंदौर में गुंगगर्दी इस कदर हावी है कि पत्रकार और उसके कैमरा पर्सन को भ्रष्टाचार उजागर करने पर कथित दलालों द्वारा बुरी तरह से पीट दिया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पत्रकारों के बढ़ते विरोध के बाद तेजाजी नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह है मामला –
इंदौर में एक निजी चैनल के लिए काम करने वाले मैदानी युवा पत्रकार हेमंत शर्मा बीते दिन से इंदौर आरटीओ में सक्रिय दलाल गिरोह का भंडाफोड़ कर रहे थे। 28 नवंबर दिन शुक्रवार को जब वे अपने कैमरा साथी राजा खान नायता मुंडला स्थित आरटीओ कार्यालय कवरेज के लिए पहुंचे तो वहाँ पहले से मौजूद कथित दलालों ने उनके साथ अश्लील अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विरोध करने पर मारपीट की। पत्रकार हेमंत शर्मा ने बताया कि उन्हें दलालों ने जान से मारने की धमकी दी और इस बीच गले में पहनी उनकी सोने की चेन भी छीन ली गई।
एकजुट पत्रकारों के विरोध के बाद इंदौर की तेजाजी पुलिस ने आरोपी- नरेंद्र चौहान, विनोद, अंकित चिंतामन, गजेन्द्र, नितिन, शंकर प्रजापत, पवन एवं अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा- 115(2), 296 (b) (अश्लील, अभद्र भाषा), 3(5), 309 (6) (लूट), 324 (4) (संपत्ति को नुकसान पहुंचाना), 351 (3) (अपराधिक धमकी) में केस दर्ज कर लिया है।
