3.30 लाख वर्गफीट में तैयार हुआ नया परिसर
इंदौर, 16 सितंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित इंफोसिस परिसर में नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक (एसडीबी-2) का शुभारंभ किया। 3.30 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विकसित इस नए ब्लॉक से मध्य भारत में इंफोसिस की तकनीकी क्षमताओं और प्रतिभा पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत टैलेंट बेस और विकसित हो रहे इनोवेशन इकोसिस्टम के कारण इंदौर महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि इंफोसिस का निवेश प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और तकनीकी इकोसिस्टम को मजबूत करने में योगदान देगा।
इंफोसिस के मुख्य वित्तीय अधिकारी जयेश संघराजका ने कहा कि इंदौर में विस्तार से कंपनी को क्षेत्र के प्रतिभा पूल का लाभ उठाने तथा एआई, क्लाउड और डिजिटल टेक्नोलॉजी में क्षमताएं बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इंफोसिस इंदौर में वर्तमान में 3,300 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। नए ब्लॉक में क्लाउड, एप्लीकेशन डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग और साइबर सिक्योरिटी से संबंधित क्षमताओं को विस्तार दिया जाएगा। कंपनी आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के साथ स्किलिंग एवं संस्थागत साझेदारी बढ़ाने की योजना भी बना रही है। नए भवन में ऊर्जा दक्ष कूलिंग, स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन, वर्षाजल संचयन और अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
