27 स्थानों पर रक्तदान शिविर, 3,650 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

इंदौर, 16 सितंबर 2026। इंदौर संभाग में सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम से होगी। संभाग के आठ जिलों में 17 सितंबर को शाम 7 बजे सांस्कृतिक धरोहरों और आइकॉनिक लोकेशन्स सहित विभिन्न स्थानों पर 42 लाख 50 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इंदौर जिले में मुख्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम राजवाड़ा में होगा। जिलेवार इंदौर में 8 लाख, धार में 6 लाख, झाबुआ में 7 लाख, आलीराजपुर में 2 लाख, खरगोन में 2 लाख, बड़वानी में 2.50 लाख, खंडवा में 5 लाख और बुरहानपुर में 10 लाख दीये जलाए जाएंगे।

अभियान के पहले दिन संभाग के आठ जिलों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। कुल 3,650 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। इंदौर जिले में 27 स्थानों पर शिविर आयोजित होंगे और 1,000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य है। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे।

अभियान के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्कूल-कॉलेज प्रतियोगिताओं, नुक्कड़ नाटकों, आंगनवाड़ी गतिविधियों और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।