इंदौर, 14 जुलाई। वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र के. गुप्ता ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर एक शराब लाइसेंसी से संबंधित समाचार प्रसारित किए जाने के बाद उन्हें फोन पर धमकी दी गई। इस संबंध में उन्होंने पंढरीनाथ थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

राजेंद्र के. गुप्ता के अनुसार उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें एक शराब लाइसेंसी के वित्तीय एवं व्यावसायिक मामलों से जुड़े कुछ बिंदुओं का उल्लेख किया गया था। उनका आरोप है कि उक्त पोस्ट के बाद संबंधित व्यक्ति सूरज रजक ने उन्हें फोन कर धमकाया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि पंढरीनाथ थाने में शिकायत देने के दौरान पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क किया। गुप्ता के अनुसार पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, जबकि उनकी मांग प्राथमिकी दर्ज किए जाने की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत की प्राप्ति देने में भी विलंब किया गया।

दूसरी ओर, इस संबंध में सूरज रजक का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक एफआईआर दर्ज किए जाने अथवा किसी वैधानिक कार्रवाई की पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *