पुलिस उपनिरीक्षक पर अमर्यादित आचरण का आरोप, महिला के घर में नशे की हालत में मिला
इंदौर, 24 जुलाई : खजराना थाना क्षेत्र के खेड़ी इलाके में गुरुवार सुबह एक महिला के घर में आपत्तिजनक हालत में पाए गए एसआई की स्थानीय महिलाओं ने पिटाई कर दी। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर रहा था।
प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग 6 बजे की है। जानकारी के अनुसार, एसआई सुरेश बुनकर उस महिला के घर में मौजूद था, जिसका अपने पति से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले दो महीनों से एसआई सुरेश का उक्त महिला से संपर्क था।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि एसआई शराब के नशे में था और महिला के घर में आपत्तिजनक हालत में पाया गया। इसी के चलते स्थानीय लोगों ने उसे बाहर खींचकर पीटा और पोल से बांधने की कोशिश की। कपड़े फाड़ने का भी प्रयास किया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसआई को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
