इंदौर, 11 अगस्त 2025 : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदौर जिले में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” अभियान का व्यापक क्रियान्वयन हो रहा है। गाँव से लेकर शहर, स्कूल से लेकर कॉलेज तक रैलियां, यात्राएं, रंगोली, प्रदर्शनी, शपथ कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। इस अभियान में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है।
13 अगस्त को निकलेगी विशाल रैली
अभियान के तहत 13 अगस्त को इंदौर में विशाल रैली निकाली जाएगी, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी। कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों एवं अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी विभागों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
13 अगस्त की विशाल तिरंगा यात्रा भारत की सेना के सम्मान और देशभक्ति की भावना को समर्पित है। यह ऐतिहासिक यात्रा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में राजवाड़ा से गांधी हाल तक निकलेगी। इंदौर के सभी सामाजिक, व्यापारी, खेल और औद्योगिक संगठन मिलकर एक स्वर में राष्ट्रप्रेम का संदेश देंगे।” — सुमित मिश्रा, भाजपा नगर अध्यक्ष
टीबी मरीजों के लिए ‘निक्षय मित्र’ बनेंगे कार्यालय प्रमुख
बैठक में क्षय नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जिले के सभी शासकीय विभागों के कार्यालय प्रमुख ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार के लिए स्वेच्छा से सहयोग करेंगे। योजना के तहत प्रतिमाह 500 रुपये की दर से मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा।
नागरिक वालंटियर कार्यक्रम से जुड़कर बन सकते हैं ‘देशभक्ति के दूत’
अभियान में नागरिक वालंटियर कार्यक्रम भी शामिल है। इच्छुक नागरिक “हर घर तिरंगा” पोर्टल पर पंजीकरण कर देशभक्ति के दूत बन सकते हैं। पंजीकृत वालंटियर्स को संस्कृति मंत्रालय का प्रमाण पत्र मिलेगा। सबसे अधिक तस्वीरें अपलोड करने वाले शीर्ष एंबेसडर्स को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
इंदौर पुलिस ने बाइक रैली से दिया देशभक्ति का संदेश
इंदौर पुलिस ने “हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता” अभियान के तहत बाइक रैली का आयोजन किया। पुलिस कर्मियों और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर पलासिया से राजवाड़ा तक रैली निकाली और नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज
कलेक्टर आशीष सिंह ने आरएपीटीसी ग्राउंड पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और समय सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सात आरोपियों को जिलाबदर
जिला दंडाधिकारी आशीष सिंह ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त सात आरोपियों को छह माह के लिए इंदौर व आसपास के जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित करने के आदेश दिए। इन आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में पांच से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।
12 अगस्त को जिला शांति समिति की बैठक
आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला शांति समिति की बैठक 12 अगस्त को शाम 4 बजे कलेक्टर कार्यालय में आयोजित होगी।
देपालपुर में तिरंगा यात्रा
देपालपुर विकासखंड के ग्राम बेगन्दा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने तिरंगा वितरण कर स्वच्छता का संदेश दिया। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
